Lucknow News: किसानों के उत्थान से ही देश का विकास संभव: आनंदीबेन

प्रदेश और किसानों की समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध: केशव मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को राजभवन के गांधी सभागार में अंतर्राष्ट्रीय आलू क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया।

किसानों के लिए ऑर्गेनिक खेती और बाजार व्यवस्था पर जोर

राज्यपाल ने किसानों को ऑर्गेनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि उनके उत्पादों को उचित बाजार और सही मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि हर जिले में संबंधित विभागों के माध्यम से किसानों को ऑर्गेनिक खेती की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

यह भी पढ़े - Holi 2025: होली पर नकली रंगों से बचाव जरूरी, वरना त्वचा को हो सकता है नुकसान

इसके साथ ही, उन्होंने कोल्ड स्टोरेज में सोलर एनर्जी के उपयोग पर बल दिया ताकि बिजली की लागत कम हो और किसानों को अधिक लाभ मिले। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज में किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और इसके लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों में अक्षय पात्र योजना लागू करने का सुझाव

राज्यपाल ने सुझाव दिया कि प्राइमरी स्कूलों में अक्षय पात्र के माध्यम से बच्चों को भोजन देने की योजना की तर्ज पर आंगनबाड़ी केंद्रों में भी इस योजना को लागू किया जाए। साथ ही, उन्होंने किसानों को अपने घरों में सीजनल ऑर्गेनिक सब्जियां उगाने की सलाह दी, जिससे उनके परिवार को स्वस्थ और पोषणयुक्त भोजन मिल सके।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि राजभवन में आयोजित तीन दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी के दौरान एक हेल्थ कैंप लगाया गया है, जहां किसान अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवा सकते हैं।

राज्य के विकास के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी: केशव मौर्य

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राज्यपाल के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश न केवल कृषि बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों की समृद्धि से ही उत्पादन बढ़ेगा, जिससे क्रेता और विक्रेता दोनों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश जल्द ही देश का नंबर एक राज्य बनेगा और भारत विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रदेश और देश के विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा, सरकार हर संभव कदम उठाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सम्मेलन में किसानों के सम्मान और प्रगति पर चर्चा

सम्मेलन के दूसरे सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राजभवन में सम्मेलन आयोजित करने के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों के सम्मान को बढ़ाना और उनकी उन्नति सुनिश्चित करना है।

Edited By: Parakh Khabar

खबरें और भी हैं

स्पेशल स्टोरी

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.