- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में लक्ष्मी नारायण महायज्ञ : शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, कलश लिए झूम उठे भक्त
बलिया में लक्ष्मी नारायण महायज्ञ : शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, कलश लिए झूम उठे भक्त

बलिया (रामगढ़): रामगढ़ हुकुम छपरा गंगापुर गंगा घाट पर आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस पावन अनुष्ठान का आरंभ अवधूत संत पूज्य श्री विनय ब्रह्मचारी जी महाराज ने यज्ञ पूजन से किया। गंगापुर गंगा घाट से शुरू हुई शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम् के बटुकों द्वारा वेदमंत्रों के उच्चारण के साथ कलश यात्रा पचरुखियां होते हुए रामपुर दीघार से रामगढ़ पहुंची। यज्ञाधीश गुरुकुलम् के आचार्य पं. मोहित पाठक ने कहा, “यज्ञों वै श्रेष्ठतमं कर्म” अर्थात यज्ञ ही सबसे श्रेष्ठ कर्म है। यज्ञ का तात्पर्य है देवपूजा, दान और संगठन। इसका उद्देश्य धर्मप्रिय लोगों को सत्कर्म के लिए एकत्र करना है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए सौभाग्यशाली अवसर बताया।
गंगा घाट पर मां भागीरथी की कृपा से लगातार दूसरे वर्ष यह यज्ञ संपन्न हो रहा है। स्थानीय जनों का विश्वास है कि यह स्थान चमत्कारी है और मां गंगा की महिमा अद्वितीय है।
इस सात दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन उत्कर्ष पांडेय जी महाराज द्वारा भागवत कथा होगी। साथ ही काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन भी होगा, जो दर्शकों के लिए एक अलौकिक अनुभव होगा। शुक्रवार को सात बटुकों का जनेऊ संस्कार भी किया जाएगा, जिससे वे द्विजत्व को प्राप्त करेंगे।
इस पावन अवसर पर आचार्य अरविंद कुमार तिवारी, गंगा आरती अर्चक निहाल मिश्र, अमन पांडेय, कौशल पांडेय, प्रधान उमेश यादव, मंडल अध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी, राजकुमार उपाध्याय, अंगद सिंह, अजय कुमार चौबे, आत्मानंद सिंह, अर्जुन भाई, चंदन सिंह, अभिषेक सिंह, रिंकू गुप्ता, दीपक उपाध्याय, उमाशंकर पांडेय, संदीप सिंह, अश्विनी सिंह सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की कमान रामगढ़ चौकी प्रभारी ने अपनी टीम के साथ संभाली और व्यवस्था में कोई कमी नहीं आने दी।