- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: भाजपा ने मनाया 46वां स्थापना दिवस, जिलाध्यक्ष और सांसद ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
Ballia News: भाजपा ने मनाया 46वां स्थापना दिवस, जिलाध्यक्ष और सांसद ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

बलिया। भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर बलिया जिला कार्यालय पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा और सांसद नीरज शेखर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पार्टी ध्वज फहराया और भाजपा की उपलब्धियों को याद करते हुए पार्टी को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश के 19 राज्यों में भाजपा या सहयोगी दलों की सरकार है। भाजपा की विशेषता यह है कि सामान्य पृष्ठभूमि से आए कार्यकर्ता भी उच्च पदों तक पहुंचते हैं। पार्टी के विभिन्न मोर्चों के माध्यम से हर वर्ग के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा जैसे संगठन हर स्तर पर सक्रिय हैं।
प्रदेश में भाजपा के 1018 मंडलों में संगठनात्मक टीमें कार्यरत हैं। पार्टी के पास तीन करोड़ प्राथमिक सदस्य और ढाई लाख सक्रिय सदस्य हैं। 1.62 लाख बूथों पर 17 सदस्यीय बूथ समितियां कार्य कर रही हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जीवन ज्योति बीमा और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं के माध्यम से आमजन से सीधा जुड़ाव बना हुआ है।
जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। 15 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन, 7.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां, मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की स्थापना जैसी योजनाएं सरकार की उपलब्धियों को दर्शाती हैं।
सांसद नीरज शेखर ने कहा, "भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है।" उन्होंने धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक जैसे निर्णयों को उदाहरण के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में 66.30 करोड़ श्रद्धालुओं की भागीदारी भाजपा सरकार की कुशल व्यवस्था का प्रमाण है।
कार्यक्रम में बबन सिंह, सुरेन्द्र सिंह, संजीव कुमार डम्पू, आलोक शुक्ला, अरुण सिंह, अशोक यादव, सतबीर सिंह, पंकज सिंह और नितेश मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।