- Hindi News
- भारत
- अग्निवीर भर्ती घोटाला: अभ्यर्थियों से जबरन वसूली, दो नौसेना कर्मियों समेत तीन गिरफ्तार
अग्निवीर भर्ती घोटाला: अभ्यर्थियों से जबरन वसूली, दो नौसेना कर्मियों समेत तीन गिरफ्तार
.png)
भुवनेश्वर। ओडिशा के खुर्दा जिले में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों से जबरन वसूली के मामले में दो नौसेना कर्मियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई नवंबर 2024 में हुई भर्ती के संबंध में की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले की जानकारी दी।
इनकी गिरफ्तारी आईएनएस चिलिका के प्रशिक्षण पत्राचार अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर अद्वितीय सिंह की 19 अप्रैल को बालूगांव पुलिस थाने में दी गई शिकायत के आधार पर की गई। पुलिस ने आरोपियों पर धोखाधड़ी और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया है।
खुर्दा की पुलिस अधीक्षक सागरिका नाथ ने बताया कि आरोपियों पर अग्निवीर अभ्यर्थियों से पुलिस सत्यापन, शारीरिक परीक्षा और नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी रकम वसूलने के आरोप हैं। उन्होंने कहा, "तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।"
जांच के दौरान पुलिस को कई लेन-देन के प्रमाण और बैंक दस्तावेज मिले हैं। अब तक 12 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह नौकरी दिलाने के झूठे वादे कर लोगों से मोटी रकम वसूल रहा था।
पुलिस ने नौसेना को भी सूचित किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी भी अभ्यर्थी को फर्जी तरीके से भर्ती तो नहीं किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।