सहारनपुर: देहरादून से बुलाई महिला, मसाज के बहाने की गला दबाकर हत्या, सर्राफा व्यापारी हत्याकांड में बड़ा खुलासा

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सर्राफा व्यापारी सेवाराम की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस ब्लाइंड मर्डर केस का मास्टरमाइंड एक दंत चिकित्सक निकला। डॉक्टर ने अपने दो साथियों और एक महिला की मदद से व्यापारी की गला दबाकर हत्या की और घर में लूटपाट को अंजाम दिया। पुलिस ने डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला फरार है।

6 जनवरी को मंडी थाना क्षेत्र की खटीकों वाली गली में सर्राफा व्यापारी सेवाराम का शव उनके घर में संदिग्ध हालात में मिला। उनके गले पर निशान थे और घर का सामान बिखरा हुआ था। पुलिस को शुरुआती जांच में लूटपाट के बाद हत्या का शक हुआ।

यह भी पढ़े - Ballia News: चार दिन से लापता किशोरी अचानक थाने पहुंची, बोली- मेरा अपहरण नहीं हुआ

पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को मंडी इलाके के एक आम के बाग से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद हुई।

डॉक्टर महबूब बना मास्टरमाइंड

गिरफ्तार डॉक्टर महबूब उर्फ डीसी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह कई सालों से सेवाराम को जानता था। उसे पता था कि सेवाराम अकेले रहते हैं और उनके पास हमेशा बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी रहती है। इसी लालच में उसने अपने दो साथियों अमित रोहिला और शान अली के साथ मिलकर लूट और हत्या की योजना बनाई।

महिला को भी शामिल किया गया

महबूब ने अपनी योजना में देहरादून की महिला आशा चावला को शामिल किया। उसने सेवाराम को महिला से दोस्ती कराने का लालच दिया। 5 जनवरी को महबूब, आशा और उसके दोनों साथी सेवाराम के घर पहुंचे। पहले सबने खाना खाया, फिर मसाज के बहाने महिला ने सेवाराम का गला दबा दिया।

लूट के बाद फरार हुए आरोपी

हत्या के बाद आरोपियों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली। महिला को उसका हिस्सा देकर वापस देहरादून भेज दिया। उसी रात तीनों आरोपी आम के बाग में बैठकर अपना हिस्सा बांट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का खुलासा

सहारनपुर के एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि सेवाराम ब्याज पर पैसे देने का काम करते थे। 5 जनवरी को उन्होंने अपने बेटे को फोन करके कहा था कि वह उस रात खाना खाने नहीं आएंगे। अगले दिन जब वह नहीं आए, तो उनके भतीजे विशाल ने घर जाकर देखा। वहां सेवाराम मृत मिले।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से डॉक्टर महबूब, अमित रोहिला और शान अली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 10 किलो चांदी, 4 किलो सोना और 1.2 लाख नकद बरामद हुआ। फरार महिला आशा चावला की तलाश जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Edited By: Parakh Khabar

खबरें और भी हैं

स्पेशल स्टोरी

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.