- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP Foundation Day: मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, कहा- उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्...
UP Foundation Day: मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, कहा- उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने का लें संकल्प
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 76वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे मिलकर उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने का संकल्प लें।
सीएम योगी का संदेश
उन्होंने कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में, नया उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए मानदंड स्थापित कर रहा है। आइए, हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश बनाने का संकल्प लें।”
केशव प्रसाद मौर्य ने क्या कहा
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, “उन्नति के रथ पर, बदलाव के पथ पर अग्रसर उत्तर प्रदेश, जो मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम और श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है, महाकुंभ की धरती है और अपनी लोक कला, संस्कृति, धर्म व शौर्य गाथाओं के लिए प्रसिद्ध है, उसके स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निरंतर प्रदेश के विकास, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रयासरत है।”
उत्तर प्रदेश दिवस का इतिहास
उत्तर प्रदेश का गठन 24 जनवरी 1950 को हुआ था। हालांकि, इसका स्थापना दिवस 2018 से मनाया जा रहा है। तत्कालीन राज्यपाल राम नाइक की पहल पर इस परंपरा की शुरुआत हुई।
मार्च 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद यह निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस हर साल धूमधाम से मनाया जाएगा। तब से यह आयोजन लगातार हो रहा है, जिसमें प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, इतिहास और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाता है।