- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन

लखनऊ: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए इंडोर रेलवे अस्पताल, लखनऊ में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञों की टीम ने महिलाओं को उनके स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
मंडल रेल प्रबंधक ने इस अवसर पर महिला कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनकी मेहनत, निष्ठा और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारी रेलवे की प्रगति में अहम योगदान दे रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। लखनऊ मंडल में महिलाएँ स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, ट्रैक मेंटेनर, इंजीनियर, क्लर्क, रेलवे सुरक्षा बल, नर्सिंग कर्मी, चिकित्सा सेवाएँ और गार्ड जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। इसके अलावा, उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की महिला खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर मंडल को गौरवान्वित किया है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में मंडल द्वारा महिला रेल कर्मियों को कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें पृथक लंच रूम, सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और कार्यरत महिलाओं के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच की सुविधा शामिल हैं।
रेलवे महिला यात्रियों की सुविधा के लिए भी विशेष प्रबंध कर रहा है, जैसे:
लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों में महिलाओं के लिए विशेष अनारक्षित डिब्बा (गार्ड कोच से जुड़ा हुआ)।
सभी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में वरिष्ठ नागरिकों, 45 वर्ष या अधिक आयु की महिलाओं और गर्भवती महिलाओं (चिकित्सा प्रमाण पत्र के साथ) के लिए लोअर बर्थ कोटा।
महत्वपूर्ण स्टेशनों पर महिलाओं के लिए पृथक प्रतीक्षालय, जहाँ 12 वर्ष तक के बच्चों के साथ प्रतीक्षा की जा सकती है।
वात्सल्य कक्ष (Baby Feeding Room) की सुविधा, जहाँ महिलाएँ अपने शिशुओं की देखभाल कर सकती हैं। आरक्षण कार्यालयों में महिलाओं के लिए अलग बुकिंग काउंटर।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल, महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है और महिला कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।