- Hindi News
- भारत
- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2,500
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की चुनौतियों और उनकी राजनीतिक यात्रा को साझा किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हमेशा रोक-टोक का सामना करना पड़ता है, लेकिन साहस और समर्थन मिलने पर वे हर चुनौती पार कर सकती हैं।
पिता के सहयोग से शुरू हुई राजनीतिक यात्रा
राजनीति में आने के सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा, "जब मैंने चुनाव लड़ने का फैसला किया, तो मेरी मां ने मना किया, लेकिन मेरे पिता ने समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि 'चुनाव शब्द ही अपने आप में बड़ा है, इसे लड़ने दो।' इसी विश्वास के साथ मैंने डूसू अध्यक्ष पद का चुनाव जीता।"
शादी के बाद राजनीति से दूरी, लेकिन फिर संगठन ने बुलाया
सीएम गुप्ता ने बताया कि शादी के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों में व्यस्त होने के कारण राजनीति से दूर हो गई थीं, लेकिन संगठन ने उन्हें दोबारा सक्रिय राजनीति में आने और समाज के लिए काम करने का मौका दिया। उन्होंने कहा, "हमारे परिवार में राजनीति की परंपरा नहीं थी, लेकिन भाजपा ने मुझे आगे बढ़ने का मंच दिया।"
महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा: हर महीने 2,500 रुपये की सम्मान राशि
रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार ने 'महिला सम्मान समृद्धि योजना' को मंजूरी दी है।
इस योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सम्मान राशि मिलेगी। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में इस योजना का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
महिला दिवस का सबसे बड़ा उपहार
सीएम गुप्ता ने कहा, "इस महिला दिवस पर यह सबसे बड़ा उपहार है। पिछली सरकारों ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन हम आपकी अपेक्षाओं को पूरा करके दिखाएंगे। मैं दिल्ली की बहनों से किए गए हर वादे को निभाने का भरोसा देती हूं।"
इससे पहले, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस योजना को लागू करने की घोषणा की थी, जिसे अब दिल्ली कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।