MP Breaking News: गुना में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत, 37 घायल

गुना, मध्य प्रदेश। गुना जिले के फतेहगढ़ इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान के गूगोर वाली माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गुरुवार सुबह 11:30 बजे, रामपुर सेन बोर्ड चौराहे के पास यह हादसा हुआ। बमोरी के कंचनपुर गांव से श्रद्धालु राजस्थान के छाबड़ा स्थित गूगोर वाली माता मेले में दर्शन के लिए जा रहे थे। किशनपुरा के पास मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रॉली पलट गई।

यह भी पढ़े - घने कोहरे में भीषण सड़क हादसा, 11 की मौत, 15 घायल

हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। कई श्रद्धालु ट्रॉली के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस टीम ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

दो की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

हादसे में 60 वर्षीय चिरोंजी लाल लोधा और 10 वर्षीय रमा बाई की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक चिरोंजी लाल के पोते बताए जा रहे हैं। ट्रॉली में करीब 40 लोग सवार थे, सभी लोधा समाज के हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है, जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

अस्पताल में हंगामा, पुलिस बल तैनात

घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने गुना जिला अस्पताल में हंगामा किया और अस्पताल के रिसेप्शन के कांच तोड़ दिए। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

सूचना मिलते ही कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल, पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिंहा और एडीएम अखिलेश जैन जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करवाई।

हादसे की जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रॉली तेज रफ्तार में थी, जिससे मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि क्या ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।

गौरतलब है कि राजस्थान के बारां जिले के गूगोर वाली माता मंदिर में माघ महीने में एक महीने तक मेला लगता है, जिसमें गुना, अशोकनगर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

Edited By: Parakh Khabar

खबरें और भी हैं

स्पेशल स्टोरी

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.