ग्वालियर: आज से शहर के पेट्रोल पंपों पर "शक्ति दीदियाँ" संभालेंगी फ्यूल डिलीवरी की जिम्मेदारी

ग्वालियर। महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा को साकार करने के लिए जिला प्रशासन ने "शक्ति दीदी" नामक पहल शुरू की है। इसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलीवरी वर्कर के रूप में रोजगार प्रदान किया जा रहा है। बुधवार से आठ महिलाओं को इस पहल के तहत जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी आज विभिन्न पेट्रोल पंपों पर जाकर इन महिलाओं को उनकी नई जिम्मेदारियाँ सौंपेंगे। "शक्ति दीदी" के रूप में तैनात इन महिला फ्यूल वर्कर्स की ड्यूटी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

यह भी पढ़े - गुजरात के गोंडल में युवक की संदिग्ध मौत, पिता ने हत्या का लगाया आरोप

कलेक्टर रुचिका चौहान काल्पीब्रिज मुरार स्थित गणेश पेट्रोलियम पंप पर पूनम राजौरिया और संजू गर्ग को फ्यूल डिलीवरी वर्कर के रूप में नियुक्त करेंगी। इसी प्रकार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार फूलबाग स्थित ग्वालियर सर्विस पेट्रोल पंप पर सुरभि शाक्य को जिम्मेदारी सौंपेंगे।

अन्य अधिकारियों में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम मिश्रा सिटी सेंटर स्थित मिश्रा फिलिंग स्टेशन पर नीलम वर्मा और चित्रा शर्मा को, अपर कलेक्टर टीएन सिंह सांई बाबा मंदिर रोड स्थित विवेक ऑटोमोबाइल पर रेनू बाथम को, तथा संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन लक्ष्मीगंज स्थित हरिलीला सर्विसेज पेट्रोल पंप पर पूनम और सोनम को उनकी जिम्मेदारी सौंपेंगे।

यह पहल उन महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए है जो जरूरतमंद हैं, अपने परिवारों द्वारा उपेक्षित रही हैं, या जिनके पति का असमय निधन हो चुका है। "शक्ति दीदी" योजना महिलाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम भी है।

Edited By: Parakh Khabar

खबरें और भी हैं

स्पेशल स्टोरी

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.